Acn18. Com.कोरबा में सोनालिया फाटक के पास निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। जेसीबी से खुदाई के दौरान नगर निगम की मुख्य जल आपूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के कई वार्डों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। त्योहार के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
मामला सोनालिया फाटक के पास रेलवे अंडरब्रिज निर्माण से जुड़ा है। खुदाई के दौरान मेन पाइपलाइन टूटने से पानी गड्ढे में भर गया और जल आपूर्ति प्रभावित हो गई। संजय नगर, मोती सागर पारा समेत 3 से 4 वार्डों में पानी की सप्लाई ठप होने की बात सामने आई है।
वार्ड नंबर 8 के पूर्व पार्षद सुफल दास महंत के मुताबिक, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से लोग कई दिनों से परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को बोर, हैंडपंप और पुराने कुओं के सहारे अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए नगर निगम और ठेकेदार से जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी लोगों को इस जल संकट से राहत कब तक दिलाते हैं।





