Home छत्तीसगढ़ जशपुर में बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली विभाग का...

जशपुर में बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली विभाग का किया घेराव

0
6

जशपुर। जिले के पत्थलगांव क्षेत्र अंतर्गत गोढीकला गांव में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग का घेराव कर जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, भाटामुंडा पंचायत के गोढीकला गांव में चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार बिजली नहीं मिलने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों और दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने पर इसकी जानकारी जिला कलेक्टर तक पहुंची।

कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं पुलिस भी एहतियात के तौर पर मौके पर मौजूद है।

ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ग्रामीणों से चर्चा कर मामले को शांत कराने और बिजली व्यवस्था बहाल कराने की दिशा में प्रयास कर रहा है।