Home KORBA नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान हंगामा, दुकानदार और निगम...

नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान हंगामा, दुकानदार और निगम कर्मी में हाथापाई, गाली-गलौज देखिये वीडियो,

0
7

Acn18. Com.कोरबा। नगर निगम कोरबा के द्वारा शहर में सड़क किनारे लगे ठेला, गुमठी और दुकानों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। शहर में जाम और अतिक्रमण की शिकायतों के बाद निगम ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर निगम की टीम बुधवारी बाजार पहुंची, जहां कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, निगम की टीम बुधवारी बाजार में सड़क किनारे लगे अवैध दुकानों और अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही एक दुकानदार और निगम कर्मी के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुकान पर मौजूद एक महिला और पुरुष के साथ हाथापाई और गाली-गलौज की नौबत आ गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निगम कर्मी दुकान हटाने लगे तो दुकानदार ने विरोध किया। इसी दौरान कहासुनी हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी, जिसे देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ देर तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

दुकानदारों ने निगम कर्मियों पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वे रोजी-रोटी के लिए छोटी-छोटी दुकानें लगाते हैं, लेकिन निगम कर्मियों द्वारा उन्हें बार-बार परेशान किया जाता है। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकान हटाने से उनके परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति बन जाती है।

 

वहीं दूसरी ओर नगर निगम कर्मियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है और कई बार नोटिस भी जारी किया गया है। उसके बावजूद कई दुकानदार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और दोबारा सड़क किनारे दुकान लगा देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।

 

दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में मौके पर मौजूद लोगों और अन्य दुकानदारों ने समझाइश देकर मामला शांत कराया। निगम की टीम ने कुछ दुकानों को हटाया और चेतावनी देकर वापस लौट गई। फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन अतिक्रमण को लेकर निगम और दुकानदारों के बीच तनाव बरकरार है।

error: Content is protected !!