
– बिलासपुर शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली अरपा नदी और उसकी सहायक नदियों को बचाने के लिए बिलासा कला मंच एक बार फिर सक्रिय हो गया है। संस्था द्वारा पिछले 20 वर्षों से चलाए जा रहे ‘अरपा बचाओ अभियान’ के तहत दो दिवसीय जागरूकता यात्रा शनिवार से शुरू हो गई है इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना और नदियों के अस्तित्व को बचाना है।
बतादें की यह यात्रा अरपा नदी के उद्गम अमरपुर पेंड्रा से लेकर शिवनाथ नदी में संगम स्थल मंगला पासीद तक के विस्तृत क्षेत्र को कवर करेगी। यात्रा का आगाज राघवेंद्र राव सभा भवन से हुआ। यहां से दल मंगला, घुटकू, भैंसाझार जलाशय और चांपी होते हुए अमरपुर पेंड्रा पहुंचेगा। दूसरे दिन 12 अप्रैल को यात्रा पेंड्रा से खोडरी, खोंगसरा, कोनचरा, बेलगहना होते हुए रतनपुर पहुंचेगी। यहां स्थानीय नागरिकों के साथ तालाबों के संरक्षण और सफाई को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद यात्रा सेंदरी और कोनी होते हुए शाम तक बिलासपुर में समापन करेगी।अभियान से जुड़े लोग बताते हैं कि अरपा नदी की करीब 40 सहायक नदियों का अस्तित्व खतरे में है, जिन्हें बचाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। यह यात्रा लोगों को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराने के साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास है। इस अभियान में यात्रा दल के संयोजक डॉ. सोमनाथ यादव के साथ डॉ. सुधाकर बिबे, राजेंद्र मौर्य, देवानंद दुबे, रामेश्वर गुप्ता, एमडी मानिकपुरी, अश्विनी पांडेय और अनूप श्रीवास शामिल हैं।




