अंबिकापुर:_सरगुजा जिले की घुनघुट्टा नदी में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 12 वर्षीय बालिका और उसे बचाने की कोशिश कर रहे उसके मामा की डूबने से मौत हो गई। दोनों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नमना कला निवासी ईश्वर सोनी की 12 वर्षीय पुत्री सिन्नी सोनी गर्मी की छुट्टियों में रायपुर से अपने घर आई हुई थी। शनिवार को परिवार के सदस्य घूमने के लिए घुनघुट्टा नदी गए थे। शाम करीब साढ़े 5 बजे सिन्नी नहाने के लिए नदी में उतरी, तभी वह गहरे पानी में डूबने लगी।
भांजी को डूबता देख उसके मामा विनीत सोनी (पिता राकेश सोनी) उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों ही पानी में समा गए। मौके पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।




