Acn18. Comकोरबा के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महज तीन साल की मासूम बच्ची की हाइड्रा के पहिए की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता, तीन साल की बेटी स्नेहा और एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से रावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइड्रा ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इसी दौरान मासूम स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची के माता-पिता और एक साल का भाई भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद हाइड्रा चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। परिजनों ने चालक पर हादसे के वक्त मोबाइल पर बात करने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कह रही है।
सूचना पर डायल-112 और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हाइड्रा जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।









