रायपुर। शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी अब अपराधियों की धरपकड़ में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध होने पर कार्रवाई करने वाले यातायात पुलिस के 61 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने प्रशस्ति पत्र और इनाम देकर सम्मानित किया। इन पुलिसकर्मियों ने पिछले दो माह में आर्म्स एक्ट, चोरी और लूट के 22 मामलों में कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हथियार बरामदगी और चोरी के वाहनों की पहचान
यातायात ड्यूटी के दौरान संदिग्धों की जांच और निगरानी में पांच मामलों में चाकू व अन्य हथियार बरामद कराए गए। इन मामलों में सउनि उदल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा, रामूराम महिलांगे, हरिवंश कंवर सहित 13 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, चोरी के 10 मामलों में 21 यातायात पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ड्यूटी के दौरान चोरी के वाहनों की पहचान, संदिग्ध वाहनों की निगरानी और उनकी बरामदगी में सहयोग करने वाले निरीक्षक विशाल कुजूर, अम्बरीश शर्मा, गोविंद यादव सहित 21 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और इनाम दिया गया।





