Acn18. Com.कोरबा के बुधवारी बाजार में छोटे व्यापारियों के समर्थन में महापौर संजू देवी राजपूत का अनोखा विरोध देखने को मिला। दुकानदारों की परेशानी दूर करने जब निगम कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं सुनी, तो महापौर खुद सड़क पर बैठकर धरने पर उतर आईं। आखिरकार निगम प्रशासन को झुकना पड़ा और सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने पड़े।दरअसल, छठ पूजा के लिए बुधवारी बाजार में छोटे दुकानदार दुकानें और पसरी लगाने पहुंचे थे, लेकिन निगम के वाहन खड़े होने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा था। व्यापारियों की शिकायत पर महापौर मौके पर पहुंचीं और वाहनों को हटाने के निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों और दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद निगम कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।
महापौर ने कहा कि हर व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है और त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है।
वहीं, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने भी सभी व्यापारियों के लिए समान कार्रवाई और उचित व्यवस्था की मांग की।फिलहाल महापौर के धरने के बाद निगम के वाहन हटाए गए, लेकिन इस घटनाक्रम ने नगर निगम और छोटे व्यापारियों के बीच विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।





