



कोरबा . कोरबा के आरएसएस नगर स्थित कपिलेश्वर नाथ मंदिर में सात दिवसीय शिव महापुराण कथा और रुद्र महायज्ञ का समापन हो गया। अंतिम दिवस हवन पूजन व भण्डारा में भक्तों का सैलाब उमड़ा। सभी ने यहां प्रसाद ग्रहण किया।
महिला मंडल की ओर से यह आयोजन मंदिर परिसर में किया गया। इस दौरान भक्ति भाव का माहौल बना रहा। हनुमान दास महाराज और पुरोहितों ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान का अपना विशेष महत्व होता है। कोरबा में लोगों की सहभागिता से इस प्रकार के बड़े अनुष्ठान संभव हो पा रहे हैं। कार्यक्रम के समापन दिवस को कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत और पूर्व मेयर रेनू अग्रवाल भी यहां पहुंचे। उन्होंने संत समाज से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन समिति की ओर से इस अवसर पर विशाल भंडारा का आयोजन किया गया जिस पर हजारों की संख्या में लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई और प्रसाद प्राप्त किया।




