कोरबा। जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान’ के तहत 24 सितंबर को ‘शिक्षा रथ’ का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से समाज के सहयोग से कॉपी, पेन, पुस्तक सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।शिक्षा रथ का शुभारंभ सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी से हुआ। पार्षद नरेंद्र देवांगन एवं सभापति नूतन सिंह राजपूत व जिला शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर शिक्षा रथ को रवाना किया।
रवाना होने के बाद शिक्षा रथ नगर भ्रमण करते हुए माध्यमिक शाला, सीतामणी पहुंचा, जहां शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कॉपी, पेन और पुस्तकों सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का सहयोग किया। इसके बाद शिक्षा रथ मुख्य मार्ग से होते हुए बुधवारी बाजार, निहारिका मार्ग और लालघाट पहुंचेगा। यहां से सेजेश बालकों के बाद कन्या बालकों में अभियान का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार नई अथवा अच्छी स्थिति में उपयोगी शैक्षणिक सामग्री का सहयोग करें। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा से जोड़ना और उनके बेहतर भविष्य के लिए सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करना है।
‘सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित यह शिक्षा रथ सेवा और जनभागीदारी को शिक्षा से जोड़ने की पहल है। आयोजकों ने नागरिकों से आगे आकर अपना योगदान देने तथा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा की राह को आसान बनाने में सहभागी बनने की अपील की है।





