
बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास आज सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार 3 स्कूली बच्चों को चपेट में ले लिया। हादसे में सगे भाई-बहन समेत 2 बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
*सामान लेने आए थे बस स्टैंड*
जानकारी के अनुसार कोनकोना बस्ती गोस्वामी पारा निवासी *13 वर्षीय बूटी गोस्वामी* और *12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी* अपने एक अन्य साथी के साथ स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बूटी और दशरथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
*ग्रामीणों ने किया चक्काजाम*
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने अंबिकापुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब 2 घंटे तक चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री बसें, चार पहिया और बाइक सवार जाम में फंसे रहे।
ग्रामीण मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
*त्काल सहायता के बाद खुला जाम*
घटना की सूचना पर बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने मृतकों के परिजनों को ₹25,000-₹25,000 की तात्कालिक सहायता राशि दी। इसके बाद ग्रामीण माने और करीब 2 घंटे बाद जाम खोला गया।




