छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में जेल में बंद एक छात्र को NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी है। दरअसल रायपुर निवासी 21 वर्षीय कुनाल तरुणाकर खमतराई थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत न्यायिक हिरासत में है। छात्र की ओर से अस्थायी जमानत की मांग करते हुए बताया गया कि वह 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा है और परीक्षा में शामिल होना चाहता है। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि छात्र के शैक्षणिक भविष्य को देखते हुए उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए, लेकिन अस्थायी जमानत देना उचित नहीं होगा। अदालत ने आदेश दिया कि छात्र को पुलिस अभिरक्षा में रायपुर स्थित परीक्षा केंद्र तक ले जाया जाए और परीक्षा में शामिल कराया जाए। हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और संबंधित जेल अधीक्षक को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्र को जेल में परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया गया है। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद उसे वापस जेल लाया जाएगा। सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से कहा गया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं और उस पर मृतक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। हालांकि परीक्षा में शामिल कराने को लेकर राज्य ने आपत्ति नहीं की। मामले में अभी चालान पेश नहीं हुआ है, इसलिए हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद तय की है




