IPL से पहले रायपुर पुलिस का सट्टा प्रेमियों को खास संदेश, क्रिकेट की भाषा में दी चेतावनी

ऑनलाइन बेटिंग, सट्टेबाजी और आईडी शेयरिंग से दूर रहने की अपील
रायपुर। आईपीएल सीजन शुरू होने से पहले रायपुर पुलिस ने सट्टेबाजी और ऑनलाइन बेटिंग में शामिल लोगों को एक खास और रचनात्मक अंदाज में चेतावनी दी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर क्रिकेट की शब्दावली में लोगों को समझाने की कोशिश की कि मैच का आनंद लें, लेकिन कानून के खिलाफ खेल न खेलें।
जारी पोस्टर में पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि IPL में ‘कानून के साथ मत खेलना’, क्योंकि कानून की टीम तगड़ी है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टर में बेटिंग करने वालों को चेताते हुए कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति सट्टा, ऑनलाइन बेटिंग या सट्टा आईडी के जरिए गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होता है, तो पुलिस उसे ट्रैक कर कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।
पोस्टर में यह भी कहा गया है कि ‘सट्टा आईडी’ देने वालों के साथ पार्टनरशिप करना भी भारी पड़ सकता है, क्योंकि पुलिस की निगरानी लगातार बनी हुई है। इस संदेश के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क, आईडी सप्लायर और इसमें जुड़े अन्य लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
रायपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे आईपीएल का रोमांच खेल की भावना के साथ लें, लेकिन सट्टेबाजी और अवैध ऑनलाइन बेटिंग से पूरी तरह दूर रहें। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि युवाओं और परिवारों के लिए भी गंभीर आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण बन सकती हैं।
आईपीएल के दौरान हर साल ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। ऐसे में रायपुर पुलिस ने इस बार पहले से ही जागरूकता और सख्ती दोनों का संदेश देते हुए साफ कर दिया है कि“अगर कानून तोड़ा, तो खेल नहीं… जेल देखनी पड़ेगी


