Home KORBA बलौदा बाजार में बारिश बनी जानलेवा : दो अलग-अलग क्षेत्रों में गिरी...

बलौदा बाजार में बारिश बनी जानलेवा : दो अलग-अलग क्षेत्रों में गिरी आकाशीय बिजली, 16 वर्षीय किशोर और किसान की मौत

0
8

 

बलौदा बाजार में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में 16 वर्षीय किशोर और 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में रविवार सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने की दो घटनाओं में एक 16 वर्षीय किशोर और एक 55 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

पेड़ के नीचे खड़े किशोर पर गिरी बिजली

पहली घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोनाडीह की है। 16 वर्षीय पवन यादव, निवासी ग्राम सोन (थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर), अपनी बहन और जीजा से मिलने सोनाडीह आया हुआ था। रविवार सुबह वह खेत में धान के थरहा की रखवाली करने गया था। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर वह बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी और उसकी चपेट में आने से पवन की मौके पर ही मौत हो गई।

 

खेत से लौट रहे किसान की भी गई जान

दूसरी घटना पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम गिर्रा की है। यहां 55 वर्षीय किसान महत्तरू धीवार सुबह बारिश के दौरान खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

 

खराब मौसम में बरतें सावधानी

लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच यह घटनाएं लोगों के लिए चेतावनी भी हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि आकाशीय बिजली कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है