रायगढ़। जिले के घरघोड़ा रेंज अंतर्गत चारमार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अडानी कोल माइंस की मालगाड़ी की चपेट में आने से एक मादा हाथी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बीती रात की बताई जा रही है, जिसके बाद वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
■ रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीती रात मालगाड़ी से टकराने के बाद लगभग 4 वर्ष की मादा हाथी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में हाथी के पैर में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
■ मौके पर अस्थायी टेंट लगाकर इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक के किनारे ही अस्थायी टेंट लगाकर हाथी का इलाज शुरू किया गया। घायल हाथी की देखभाल के लिए चार डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है।
■ वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में
वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हाथी को सुरक्षित रखने और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
■ स्थानीय क्षेत्र में चिंता का माहौल
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में चिंता का माहौल है। हाथियों के लगातार बढ़ते मूवमेंट और रेल ट्रैक पर हो रहे हादसों को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल घायल मादा हाथी का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



