थाना परिसर बन गया संजय सिंह की
ससुराल
पुलिस वालों ने दो प्रेमियों का करा दिया विवाह
पेंड्रा जिले के मरवाही थाना परिसर में उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब कानून की चौखट पर प्रेम की जीत हुई और थाने में ही विवाह संपन्न करा दिया गया। मरवाही निवासी संजय सिंह और मध्य प्रदेश के अनूपपुर की मीरा सिंह ने पुलिस की पहल पर जीवन भर का साथ निभाने का संकल्प लिया।
संजय सिंह और मीरा सिंह लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिजनों के विरोध से निराश होकर प्रेमी जोड़ा सुरक्षा की गुहार लगाने मरवाही थाना पहुँचा।
मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी ने दोनों की उम्र और सहमति की जांच की। दोनों को बालिग और अपने भविष्य का निर्णय लेने में सक्षम पाकर थाना प्रभारी ने कानूनी और सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया। थाना प्रभारी ने परिजनों को समझाइश दी और प्रेमी जोड़े के अधिकारों से अवगत कराया।
पुलिस की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और परिजन विवाह के लिए राजी हो गए। इसके बाद मरवाही थाना परिसर ही विवाह मंडप बन गया। थाने में स्थित शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान और हिंदू रीति-रिवाज के साथ संजय और मीरा का विवाह संपन्न कराया गया।
इस दौरान थाना प्रभारी शनिप रात्रे और सिवनी चौकी प्रभारी नवीन मिश्रा स्वयं विवाह के गवाह बने। इस अनोखी शादी की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और मानवीय दृष्टिकोण का उदाहरण बताया।




