Home KORBA पंप हाउस-15 ब्लॉक में गुंडागर्दी पर पुलिस का एक्शन, देर रात 30...

पंप हाउस-15 ब्लॉक में गुंडागर्दी पर पुलिस का एक्शन, देर रात 30 जवानों ने की बाइक पेट्रोलिंग, बदमाशों को दी समझाइश कराया कान पकड़ कर उठक बैठक, देखिये वीडियो

0
1

Screenshot 2026 07 12 14 03 06 10 99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817

 

कोरबा।पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक में दो दिन पहले हुई मारपीट और गुंडागर्दी के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।शनिवार की देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी और दोनों थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 25 से 30 जवानों की पेट्रोलिंग पार्टी ने संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग कर बदमाशों और उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया।

दो दिन पहले 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने निगरानी तेज कर दी। इसी कड़ी में शनिवार देर रात कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी और सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतरे।

 

पेट्रोलिंग पार्टी ने पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड जैसे क्षेत्रों में बाइक से गश्त की। जिन गलियों में फोर व्हीलर नहीं जा सकते वहां विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग की गई। पुलिस ने गुंडागर्दी करने वाले युवकों को चिन्हित कर मौके पर ही समझाइश दी।

पुलिस टीम पंप हाउस और 15 ब्लॉक में उन युवकों के घर भी पहुंची जो मारपीट और उपद्रव में शामिल थे। पुलिस ने उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें चेतावनी दी कि आगे ऐसी गतिविधियों में शामिल होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से बच्चों पर नजर रखने और उन्हें सही रास्ते पर लाने की अपील भी की गई।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं बेवजह बाइक लेकर घूम रहे और हुड़दंग मचा रहे युवकों को रोककर सबक सिखाया गया। कुछ युवकों से उठक-बैठक भी कराई गई। पुलिस का कहना है कि यह कदम युवाओं को अनुशासन सिखाने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अपराध को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। “जिन क्षेत्रों में गुंडा बदमाश और गुंडागर्दी की शिकायत मिल रही है वहां हमारी टीम लगातार पहुंच रही है। खासकर उन जगहों पर जहां चार पहिया वाहन नहीं जा पाते वहां बाइक पेट्रोलिंग पर जोर दिया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि आमजन भयमुक्त होकर रहें और कोई भी कानून हाथ में न ले।”

 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस की गश्त जारी है।