Home KORBA मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 3 की हालत गंभीर,रजगामार के...

मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 3 की हालत गंभीर,रजगामार के बनखेता के पास हुआ हादसा, तेज रफ्तार बना कारण, राहगीरों ने दबे मजदूरों को निकाला बाहर, देखिये वीडियो

0
4

IMG 20260705 124103

रजगामार चौकी क्षेत्र में गुरुवार को मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए, जिनमें 3 महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

*तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह*
जानकारी के मुताबिक रजगामार के दरगा गांव के मजदूर रोज की तरह पिकअप वाहन से गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री काम पर जा रहे थे। बनखेता गांव के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पलटकर पेड़ से टकरा गया।

पिकअप में 12 से अधिक मजदूर सवार थे। हादसे के बाद कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए। राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।

घायल सविता ने बताया _”सुबह गांव से मजदूरी के लिए पिकअप में सवार होकर जा रहे थे। तभी वाहन अचानक पलट गया और पेड़ से जा टकराया।”_

*3 की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी*
हादसे में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सूचना पर रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि _”सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनाक्रम की जानकारी ली गई और घायलों का हालचाल जाना। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”_

*रोजाना होता है मजदूरों का आना-जाना*
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्बन फैक्ट्री में आसपास के ग्रामीण मजदूरी करते हैं। फैक्ट्री के लिए ठेकेदारों द्वारा मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए पिकअप जैसे वाहनों का उपयोग किया जाता है। ग्रामीणों ने वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने की मांग की है।