स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में खाट पर मरीज, एम्बुलेंस नहीं पहुंची गांव,देखिए वीडियो

0
15

– स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में खाट पर मरीज, एम्बुलेंस नहीं पहुंची गांव

IMG 20260202 WA0147 IMG 20260202 WA0148108 फेल, कोरिया में खाट पर अस्पताल पहुंचा मरीज

 

छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत एक बार फिर कैमरे में कैद हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले कोरिया से सामने आया यह वीडियो सरकारी दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। मामला कोरिया जिले के ग्राम पंचायत बंजारीडांड अंतर्गत रोहिनथिहाई गांव का है, जहां एक ग्रामीण का पैर फ्रैक्चर हो गया।

घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल ले जाना जरूरी था। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को कई बार कॉल किया, लेकिन गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। रोहिनथिहाई गांव तक केवल पगडंडी का रास्ता है, जहां किसी भी तरह का वाहन पहुंचना संभव नहीं है।

मजबूर होकर परिजनों और ग्रामीणों ने घायल मरीज को खाट पर लिटाया और कंधों पर उठाकर गांव से बाहर मुख्य सड़क तक ले गए। करीब एक किलोमीटर तक मरीज को पैदल खाट पर ले जाया गया। इसके बाद निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दर्द से कराहता मरीज खाट पर पड़ा रहा और ग्रामीण उसे किसी तरह सड़क तक पहुंचाने में जुटे रहे। यह दृश्य स्वास्थ्य व्यवस्था की असल तस्वीर बयां करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्वास्थ्य मंत्री के अपने गृह जिले में मरीज को खाट पर ढोना पड़ रहा है, तो प्रदेश के दूर-दराज आदिवासी और ग्रामीण इलाकों की स्थिति क्या होगी? यह घटना न सिर्फ एम्बुलेंस सेवा की पोल खोलती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर करती है।