कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धनपुर बस्ती में स्कूल बस से दबकर दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रिंसि भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनहत में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग घायल बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।
स्कूल संस्था की ही बस होने की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल बस स्कूल संस्था की ही बस बताई जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस की चपेट में बच्ची कैसे आई, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ स्कूल बस और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।








