Home छत्तीसगढ़ 6 महीने से वेतन नहीं मिलने पर NRC कर्मियों का काम बंद,...

6 महीने से वेतन नहीं मिलने पर NRC कर्मियों का काम बंद, कई केंद्रों का संचालन प्रभावित

0
78

जांजगीर-चांपा। जिले में पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में कार्यरत अटेंडर और कुक पिछले 6 महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अकलतरा, पामगढ़, बम्हनीडीह और खरौद समेत कई केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए बताया कि वे लगातार सेवाएं दे रहे थे, लेकिन अब तक उन्हें उनका मेहनताना नहीं मिला है।

वेतन नहीं मिलने से परेशान कर्मियों ने अब काम बंद कर दिया है, जिसके चलते कई NRC केंद्रों का संचालन प्रभावित हो गया है। इसका सीधा असर कुपोषित बच्चों की देखभाल और इलाज पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

कर्मचारियों का आरोप है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत नए लोगों की भर्ती की जा रही है, जबकि पहले से कार्यरत कर्मियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इसी बीच खरौद स्थित NRC केंद्र को बंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

मामले को लेकर भीम रेजिमेंट के बिलासपुर संभाग अध्यक्ष दीपक मनहर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता देने और लंबित वेतन जल्द जारी करने की मांग की है।

अब इस पूरे मामले पर प्रशासन के रुख और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

error: Content is protected !!