Home Astrology रायपुर एयरपोर्ट पर अब फ्लाइट का इंतजार नहीं होगा बोरिंग, यात्री देख...

रायपुर एयरपोर्ट पर अब फ्लाइट का इंतजार नहीं होगा बोरिंग, यात्री देख सकेंगे लाइव IPL मैच

0
58

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने पहली बार 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल सीजन के सभी मैच लाइव दिखाने की व्यवस्था की है, ताकि बोर्डिंग से पहले यात्री क्रिकेट का रोमांच उठा सकें।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इसके लिए लाउंज एरिया में विशेष स्क्रीनिंग की तैयारी पूरी कर ली है। ग्राउंड फ्लोर पर प्रोजेक्टर स्क्रीन लगाया गया है, जहां सामने बैठने के लिए चेयर्स भी व्यवस्थित की गई हैं। यात्री अपनी फ्लाइट की बोर्डिंग शुरू होने से पहले तक यहां बैठकर लाइव IPL मैच देख सकेंगे।

वहीं, फर्स्ट फ्लोर पर बड़ा टीवी स्क्रीन लगाया गया है, जिस पर भी लगातार आईपीएल मैच प्रसारित किए जाएंगे। इस फ्लोर पर भी यात्रियों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है, ताकि दोनों स्तरों पर इंतजार कर रहे पैसेंजर्स को मैच देखने में सुविधा हो।एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रायपुर इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का दूसरा होम ग्राउंड भी है। टीम के दो मुकाबले रायपुर में आयोजित होने हैं, ऐसे में शहर पूरी तरह आईपीएल के उत्साह से जुड़ चुका है। इसी को देखते हुए एयरपोर्ट पर भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह विशेष पहल की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट लाउंज के दोनों फ्लोर पर बोर्डिंग गेट मौजूद हैं, जहां यात्री अक्सर अपनी फ्लाइट का इंतजार करते हैं। ऐसे में सिक्योरिटी चेक के बाद बोर्डिंग से पहले तक लाइव मैच देखने का अनुभव यात्रियों के लिए अधिक मनोरंजक और सुखद साबित हो सकता है।

रायपुर एयरपोर्ट की यह नई पहल यात्रियों के सफर को न सिर्फ आरामदायक, बल्कि क्रिकेटमय और यादगार भी बनाने वाली है।

error: Content is protected !!