Acn18.com/आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज कटघोरा में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शहर के प्रतिष्ठित मुरली होटल एवं शारदा स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। भारी अनियमितताओं और गंदगी के चलते विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को आगामी आदेश तक तत्काल बंद रखने का नोटिस जारी करते हुए क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग को इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर सांभर का सैंपल (नमूना) लिया है, जिसे परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
साफ-सफाई का अभाव और FSSAI नियमों की अनदेखी
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति बेहद असंतोषजनक मिली। इसके अलावा जांच में यह भी पाया गया कि संचालक द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों और स्वच्छता के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था।
अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया और प्रतिष्ठान के संचालन व बिक्री पर रोक लगा दी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से कटघोरा के अन्य होटल और मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





