बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड इलाके में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने सारी हदें पार कर दीं। सिरफिरे आशिक ने नाबालिग लड़की के पिता पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपनी बाइक बनवाने के लिए एक दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और पीछे से अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नाबालिग लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। लड़की और उसके परिवार द्वारा लगातार दूरी बनाए जाने से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने लड़की के पिता को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पीड़ित के पीछे पहुंचकर अचानक हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में एकतरफा प्रेम प्रसंग को हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




