साहित्यकार डॉ. विनोद कुमार शुक्ल और मूलचंद तिवारी ‘हंस’ को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
देखिए वीडियो

मुकुटधर साहित्य समिति कोरबा के तत्वावधान में पंडित मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन में एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित डॉ. विनोद कुमार शुक्ल तथा कोरबा के वरिष्ठ साहित्यकार मूलचंद तिवारी ‘हंस’ को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं कविता जैन द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया और दोनों दिवंगत साहित्यकारों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर साहित्य भवन समिति के संरक्षक यूनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश चतुर्वेदी, अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा, मूलचंद तिवारी ‘हंस’ की सुपुत्री ऋतु त्रिवेदी, दामाद राजेश त्रिवेदी तथा कोरबा के चर्चित दिवंगत साहित्यकार शंकर राव नायडू के सुपुत्र अलंकार नायडू मंच पर मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक यूनुस दानियालपुरी ने की।
स्मृति साझा करते हुए संरक्षक मुकेश चतुर्वेदी ने कहा कि डॉ. विनोद कुमार शुक्ल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत के गौरव हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ के प्रथम ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनके उपन्यास देश के चर्चित उपन्यासों की श्रेणी में आते हैं। यूनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव और दिलीप अग्रवाल ने साहित्यकार मूलचंद तिवारी ‘हंस’ के साथ बिताए गए समय को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
मूलचंद तिवारी की पुत्री ऋतु त्रिवेदी, दामाद राजेश त्रिवेदी और अलंकार नायडू ने भी अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। उपस्थित साहित्यकारों ने दोनों दिवंगत साहित्यकारों को काव्यांजलि अर्पित की और दो मिनट मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जीतेन्द्र कुमार वर्मा ने डॉ. विनोद कुमार शुक्ल की जीवनी तथा डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा ने मूलचंद तिवारी ‘हंस’ की जीवनी श्रोताओं के मध्य प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकारों और श्रोताओं की उपस्थिति रही। उपस्थित प्रमुख कवियों में यूनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश कुमार चतुर्वेदी, दिलीप कुमार अग्रवाल, डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा, बलराम राठौर, जगदीश श्रीवास, संतोष चौहान, घनश्याम श्रीवास, उदय कुमार प्रधान, अर्चना साहू, किरण सोनी, कविता जैन, फिरोजा खान, सरोज नायडू, सरस्वती श्रीवास, भरत साहू, जीतेन्द्र वर्मा ‘खैरझिटिया’ के साथ अमृता त्रिवेदी व सत्ती प्रधान आदि का नाम शामिल है।
साहित्यकारों के द्वारा आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा साहित्यकारों के प्रति सम्मान और उनके साहित्यिक योगदान को स्मरण करने का एक भावपूर्ण अवसर सिद्ध हुई। कार्यक्रम का संचालन जीतेंद्र कुमार वर्मा ‘खैरझिटिया’ ने किया तथा आभार ज्ञापन समिति के सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा ने किया।




