कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया है। मां ने आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए प्रेम संबंध के चलते हत्या का आरोप लगाया है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कनबेरी में एक युवक की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की मां ने बेटे की आत्महत्या की बात से साफ इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। न्याय की मांग को लेकर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मृतक की मां नीराबाई रोहिदास ने बताया कि उनका बेटा शंकर रोहिदास 17 जून को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार लगातार उसके मोबाइल पर संपर्क करता रहा, फोन की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
दो दिन बाद फंदे पर लटका मिला शव
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। दो दिन बाद गांव से करीब 100 मीटर दूर एक परसा पेड़ पर शंकर का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि शव पर कई चोटों के निशान थे और कपड़ों की स्थिति भी संदिग्ध थी, जिससे हत्या कर शव को फांसी पर लटकाए जाने की आशंका मजबूत होती है।
रिश्तेदार की बेटी से था प्रेम संबंध
नीराबाई का कहना है कि शंकर का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था। वह बेटे का रिश्ता लेकर युवती के घर भी गई थीं, लेकिन परिजनों ने प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद कथित तौर पर युवती और उसके परिवार ने शंकर को लगातार धमकाना शुरू कर दिया। मां के अनुसार, घटना से एक दिन पहले युवती अपनी मां के साथ उनके घर आई थी। इस दौरान विवाद हुआ और शंकर को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन धमकियों के कारण उनका बेटा मानसिक रूप से बेहद परेशान था और अगले ही दिन घर से निकलने के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मां ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित मां ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी






