सूरजपुर। नवगठित शिवनन्दनपुर नगर पंचायत में आज पहली बार नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर पंचायत गठन के बाद हो रहे इस ऐतिहासिक चुनाव में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। दोपहर 12 बजे तक कुल 45.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में कुल 4,642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जबकि उससे पहले सुबह 7 बजे सभी 15 मतदान केंद्रों पर मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के कुल तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है। वहीं नगर पंचायत के 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 52 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चुनाव में विकास, बुनियादी सुविधाएं और नगर पंचायत के भविष्य को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से युवा मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। मतदान केंद्रों पर महिलाओं और बुजुर्गों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वार्ड में एक मतदान केंद्र बनाया गया है। हर मतदान दल के साथ चार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 11 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। निगरानी के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट और दो सेक्टर अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सुबह 11 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो दोपहर 12 बजे तक बढ़कर 45.09 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान केंद्रों पर लगातार मतदाताओं की भीड़ बनी हुई है और प्रशासन को उम्मीद है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी।
वहीं सूरजपुर जिले के अन्य क्षेत्रों में पंच एवं बीडीसी पदों के लिए हो रहे उपचुनाव की प्रक्रिया भी जारी है। हालांकि पूरे जिले की निगाहें फिलहाल शिवनन्दनपुर नगर पंचायत के इस पहले और महत्वपूर्ण चुनाव पर टिकी हुई हैं।



