Home Uncategorized आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी आग, यात्रियों में अफरा-तफरी

आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी आग, यात्रियों में अफरा-तफरी

0
106

रायगढ़ । रायगढ़ स्टेशन से पहले पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर सेक्शन में उस समय हुई, जब ट्रेन अपनी नियमित गति से गुजर रही थी।

जानकारी के अनुसार, इंजन से तीसरे जनरल कोच में अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति भांपते ही यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए चेन पुलिंग (एसीपी) कर ट्रेन को रोक दिया। धुआं फैलते ही यात्रियों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और कोच से बाहर निकल गए। गनीमत रही कि समय रहते ट्रेन रुक गई और किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली।

घटना की सूचना सबसे पहले ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और सुरक्षा कर्मी अलर्ट हो गए। यात्रियों द्वारा एसीपी किए जाने के बाद शाम 7 बजकर 41 मिनट पर ट्रेन को पोल संख्या 599/21 के पास नियंत्रित किया गया।
आग की जानकारी मिलते ही ट्रेन में मौजूद एसी मैकेनिक, गार्ड और लोको पायलट ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझा ली। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग सीमित दायरे में थी और समय रहते नियंत्रण होने से बड़ा नुकसान टल गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कोच के भीतर रखे कुछ कागजों में आग लगी थी। जांच के दौरान किसी तरह का शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी नहीं पाई गई। अधिकारियों का कहना है कि आग किसी यांत्रिक या विद्युत कारण से नहीं लगी।

जांच के दौरान आशंका जताई गई कि किसी यात्री द्वारा बीड़ी या सिगरेट जलता हुआ फेंकने से कागजों में आग लगी होगी, जिससे धीरे-धीरे धुआं फैल गया। यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में धूम्रपान न करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।

घटनास्थल पर स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रात 8 बजकर 23 मिनट पर रवाना किया गया। रायगढ़ स्टेशन पहुंचने पर वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) और विद्युत स्टाफ ने संबंधित कोच की संयुक्त जांच की। जांच में किसी तरह का खतरा नहीं पाए जाने के बाद ट्रेन को रात 9 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस देश की प्रमुख ट्रेनों में शामिल है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इस घटना में किसी के हताहत न होने से यात्रियों और रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

 

error: Content is protected !!