गोद में बच्चा लेकर नशीला सामग्री बेचती हुई महिला
रायपुर जिले के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित कुकुरबेड़ा बस्ती में महिलाएं गोद में बच्चे लेकर खुलेआम गांजा बेचती नजर आईं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जहां महिलाएं खुलेआम गांजा बेचती नजर आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि, ये अवैध गतिविधि पुलिस थाने से महज कुछ ही दूरी पर संचालित हो रही है, जिससे पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बच्चों को गोद में उठाकर बेचती हैं नशे का सामान
मिली जानकारी के अनुसार, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुरबेड़ा बस्ती में खुलेआम गांजा बेचा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, यहां महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लेकर नशे का सामान बेचती हैं, ताकि उन पर किसी को शक न हो। एक महिला को तो दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर गांजा बेचते हुए देखा गया, जिसने पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।
करीब 400 मीटर पर है थाना
इलाके में यह अवैध कारोबार काफी समय से चल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक कोई ठोस कदम नजर नहीं आया है। पुलिस थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर इस तरह का धंधा होना कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है




