रिपोर्टर- मनीष रवि

राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के दो दिन बाद शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में प्रशासनिक अधिकारी संघ के पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक अवकाश लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे तथा मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी विधायक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अपर कलेक्टर सुनील कुमार नायक ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी संघ की जिला इकाई ने कलेक्टर से मुलाकात कर राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना पर गहरा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल से आरोपी विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार को जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि नायब तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। कनिष्ठ प्रशासनिक संघ भी प्रदेश स्तर पर इस घटना के विरोध में आंदोलन कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न करती हैं और अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।




