रायपुर। भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के मामले में प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामला सरकार के संज्ञान में है और इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी।
अरुण साव ने कहा कि “यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। मामले की जांच जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई होगी। जांच से स्पष्ट होगा कि क्या हुआ था और क्या नहीं।”
रामभद्राचार्य पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसे
जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर दिए गए बयान पर शुरू हुए विवाद के बीच डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हिंदू संत-महात्माओं के खिलाफ टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। अरुण साव ने कहा कि “बार-बार कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा उजागर होता रहा है। यदि हिम्मत है तो अन्य धर्मों के संतों के खिलाफ बोलकर देखें। किसी को भी संत-महात्माओं के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। यह बेहद दुर्भाग्यजनक है।”
SIR मुद्दे पर कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देकर घेरा
SIR मामले में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद कांग्रेस के आरोपों की कोई आधारहीनता नहीं बची है।उन्होंने कहा कि “कल ही सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आया है। सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस के आरोपों पर करारा जवाब दिया है। इसके बाद भी यदि वे आरोप लगा रहे हैं तो हमें उनसे सहानुभूति है।”
महतारी वंदन योजना पर बयान को लेकर दीपक बैज पर साधा निशाना
महतारी वंदन योजना के पैसे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अरुण साव ने कहा कि “लोकतंत्र में जवाबदेही और सुचिता होनी चाहिए। कांग्रेस सरकार के दौरान घर-घर शराब पहुंचाई गई और पूरा प्रदेश नशे का अड्डा बना दिया गया। शराब घोटाले हुए। आज जब माताएं और बहनें आर्थिक रूप से सक्षम हो रही हैं तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। कांग्रेस को जनता से कोई लेना-देना नहीं, सिर्फ राजनीति करनी है।




