acn18.com दिल्ली / दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह CM आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें थप्पड़ मारा गया।
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- आरोपी ने CM का हाथ पकड़कर खींचा। वे मेज के कोने से टकराईं। सिर पर चोट आई है। थप्पड़ वाली बात गलत है।
हमले की पुष्टि करते हुए दिल्ली CM ऑफिस ने बयान जारी किया। इसमें कहा गया- आज जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया। उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने अपना नाम राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) बताया है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है।
इधर, घटना के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री रेखा गुप्ता का हालचाल जानने सीएम हाउस पहुंचे। यहीं पर सीएम का इलाज चल रहा है।


प्रवेश वर्मा का दावा- आरोपी ने पहले रेकी की थी
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा- दिल्ली को एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो रोजाना अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही हैं। दिल्ली-NCR से रोजाना 1000-2000 लोग CM के पास आते थे। आज जो हुआ वह बेहद निंदनीय है। हम मुख्यमंत्री से मिले, वह घायल थीं। उनकी MLC की गई।
उन्होंने कहा- हमें पता चला है कि आरोपी व्यक्ति पिछले 24 घंटों से सीएम की रेकी कर रहा था, उसने गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर की भी रेकी की। रात सिविल लाइंस में भी गुजारी। ताकि वह मुख्यमंत्री से मिल सके। आज जब वह आया, तो उसके हाथ में कोई कागज नहीं था। वह सीएम से मिलते ही हमला किया। CM के हाथ-पैर और सिर में चोट आई है।




