Acn18. Com.छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने आज कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है और अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रह सकती हैं।
इसी बीच जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर सामने आई है। हसदेव नदी में बहे तीन कॉलेज छात्रों में से एक छात्र पवन लाल का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला।
वहीं सचिन और मुरारी अभी भी लापता हैं। दोनों की तलाश में सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
उधर बिलासपुर में भी पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा हुआ। चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी तेज बहाव में बह गए।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। बेलरगांव में 120 और नगरी में 110 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें नदी-नालों के आसपास लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही हैं।









