राजनांदगांव : राजनांदगांव शहर के नंदई चौक क्षेत्र में सतनाम धाम के समीप स्थित एक पुराने मंदिर से भगवान की प्रतिमा हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार वर्षों से पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा, शिवलिंग और त्रिशूल को बिना स्थानीय लोगों की जानकारी के हटाकर विसर्जन के लिए मोहारा नदी ले जाया गया था।
जब रोज की तरह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रतिमा और धार्मिक प्रतीक नहीं देखे, तो इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी गई। बाद में पता चला कि कुछ लोग प्रतिमा को नदी में विसर्जित करने ले गए हैं, जिसके बाद आपत्ति जताते हुए लोग मोहारा नदी पहुंचे और प्रतिमा को वापस लाया
इस घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और धार्मिक आस्था से जुड़े इस कृत्य पर नाराजगी जताई। आरोप है कि किसी अन्य समाज द्वारा मंदिर परिसर के विस्तार की योजना के तहत प्रतिमा हटाने की कोशिश की गई, लेकिन बिना आपसी सहमति और चर्चा के की गई इस कार्रवाई से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए प्रतिमा को दोबारा मंदिर में स्थापित कराया गया। इसके बाद हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बसंतपुर थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।




