Acn18. Com.कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एसईसीएल कुसमुंडा कोल परियोजना से कोयला लेकर कोरबा की ओर जा रहा एक ट्रेलर बरमपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन सड़क पर कोयला बिखरने से आवागमन प्रभावित हुआ और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरमपुर के पास यह कोई पहली घटना नहीं है। एक महीने के भीतर चार से पांच बार इस तरह कोयला लदे वाहन पलट चुके हैं। इसके बावजूद सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि हादसों पर रोक लग सके और आम लोगों का सफर सुरक्षित हो सके।





