Home KORBA रावण दहन के बाद खूनी संघर्ष: चाकू मारकर युवक की हत्या

रावण दहन के बाद खूनी संघर्ष: चाकू मारकर युवक की हत्या

0
3

 

​कोरबा। विजयादशमी पर्व पर रावण दहन के उपरांत मूड़ापार बाजार के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब मामूली बात को लेकर हुआ आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान उपद्रवियों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं इस गंभीर हत्याकांड पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​

​घटना मूड़ापार बाजार के निकट रावण दहन मैदान के पीछे स्थित बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास घटी। बताया जा रहा है कि युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और प्राणघातक हमले में तब्दील हो गई। इसी दौरान हमलावरों ने धारदार चाकू से युवक के शरीर पर आधा दर्जन से अधिक वार कर दिए। खून से लथपथ युवक मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

​

​घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लथपथ हालत में पड़े युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद युवक को नहीं बचाया जा सका। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

​

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। रातभर चलाए गए विशेष सर्च अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

​मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

​वारदात की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और जांच के निर्देश देने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू तथा मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर दलबल के साथ मौजूद रहे।

error: Content is protected !!