
कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघिया में चोरों ने दुस्साहस की हद पार कर दी। चोरों ने एक घर की दीवार में सुरंग बनाकर अंदर घुसकर 25 से 30 बकरियों पर हाथ साफ कर दिया। लाखों रुपये की बकरियां चोरी होने से पीड़ित परिवार के साथ पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
*पीछे से दीवार तोड़कर दी वारदात को अंजाम*
पीड़ित रामायण यादव ने बताया कि रात में पूरा परिवार गहरी नींद में था। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की दीवार को खोदकर सुरंग बनाई और अंदर प्रवेश कर बकरियों को निकाल ले गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बाड़ा खाली देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
चोरी गई बकरियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
*ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी*
दीवार खोदकर बकरियां चोरी की इस अनोखी वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त नहीं हो रही।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।





