Home छत्तीसगढ़ अंबिकापुर ब्रेकिंग: उदयपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों का भारी उत्पात, 12 से...

अंबिकापुर ब्रेकिंग: उदयपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों का भारी उत्पात, 12 से अधिक मकान तोड़े; 100 हेक्टेयर फसल तबाह

0
2

​अंबिकापुर / उदयपुर (acn18.com):छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के एक दल ने भारी उत्पात मचा रखा है, जिससे पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। हाथियों के दल की लगातार आवाजाही से ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं।

​एक महीने में 12 से अधिक मकान तोड़े, 100 हेक्टेयर फसल चौपट
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर हाथियों के दल ने 12 से अधिक ग्रामीणों के कच्चे मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। मकान टूटने से कई परिवारों के सामने बेघर होने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा हाथियों ने खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंदकर खा लिया, जिससे 100 हेक्टेयर से अधिक की लहलहाती फसल बर्बाद हो चुकी है।
​कोल माइंस और बासेन गांव के पास पहुंचा दल
देर शाम हाथियों का यह दल उदयपुर के बासेन गांव के करीब पहुंच गया। यह इलाका अदाणी कंपनी के कोल माइनिंग क्षेत्र से सटा हुआ है। कोल माइंस क्षेत्र के आसपास हाथियों की सीधी मौजूदगी से औद्योगिक कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की चिंता और खतरा काफी बढ़ गया है।

​वन विभाग अलर्ट, निगरानी जारी
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग की टीमें मौके पर तैनात होकर हाथियों के दल की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगलों की तरफ न जाने और रात के समय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

error: Content is protected !!