Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के सेमरिया गांव स्थित गौठान से गौवंश की दुर्दशा का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौठान में 25 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गायें बीमार और कमजोर हालत में पड़ी हैं। चारा-पानी और इलाज की व्यवस्था नहीं होने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों के मुताबिक, समय पर चारा-पानी और उपचार नहीं मिलने से गौवंश की हालत बिगड़ती गई और देखते ही देखते कई गायों की मौत हो गई। गौठान परिसर में फैली दुर्गंध और बीमार पशुओं की हालत ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव और पशु विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच, मृत गायों की संख्या और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पशु चिकित्सा जांच कराने तथा बीमार गायों को उपचार और चारा-पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित जिम्मेदारों का पक्ष सामने आना बाकी है।
अब सवाल है कि गौवंश की इस कथित दुर्दशा के लिए जिम्मेदार कौन है? प्रशासन कब जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा?





