Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा में जमीन के बंटांकन के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। एक विधवा महिला ने पटवारी और आरआई पर 55 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाई है।
मामला जांजगीर के लिंक रोड स्थित चंदनिया पारा का है, जहां मीना साहू की पुश्तैनी दो डिसमिल जमीन है। जमीन का बंटांकन नहीं होने से महिला प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर नहीं बना पा रही है।
महिला के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले तहसीलदार ने बंटांकन के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसके लिए 55 हजार रुपये मांगे गए, जिसके बाद उन्होंने गहने गिरवी रखकर 40 हजार रुपये दिए। लेकिन काम नहीं हुआ और अब 15 हजार रुपये और मांगे जा रहे हैं।
आर्थिक तंगी से जूझ रही मीना साहू अपनी परित्यक्ता बेटी और नातिन के साथ रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द बंटांकन कराने और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पटवारी और आरआई का पक्ष सामने नहीं आया है।




