Home KORBA दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर जाम और हादसों का संकट: कोयला परिवहन के...

दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर जाम और हादसों का संकट: कोयला परिवहन के भारी वाहनों से आमजन त्रस्त, प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग

0
3

​कोरबा/दीपका। औद्योगिक क्षेत्र दीपका और पाली को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाएं अब रोज की गंभीर समस्या बन चुकी हैं। कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण आम राहगीरों का इस मार्ग से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है
एसईसीएल (SECL) की खदानों से कोयला परिवहन करने वाले भारी डंपर और ट्रक दिन-रात इसी मार्ग से गुजरते हैं। महज दो लेन की इस सड़क पर दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे बाइक सवारों, यात्री बसों और यहां तक कि एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को भी निकलने के लिए जगह नहीं मिल पाती।

​
कई ट्रक और ट्रेलर चालक रात के अंधेरे में मुख्य सड़क के किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। पर्याप्त प्रकाश या रिफ्लेक्टर न होने के कारण ये वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे हर वक्त भीषण दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
​भारी वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव के मुकाबले इस सड़क की चौड़ाई बेहद कम है, जो यातायात जाम की समस्या को और विकराल बना रही है।​सड़क पर बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए दीपका पुलिस ने बीते दिन सख्ती दिखाते हुए दीपका चौक से पाली रोड की ओर तेज गति व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों तथा सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े ट्रेलरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

​गौरतलब है कि इससे पहले 10 नवंबर को गांधीनगर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक बाइक टकरा गई थी। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर करीब 7 घंटे तक चक्का जाम भी किया था।
​
​लगातार हो रहे हादसों और घंटों लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। नागरिकों और राहगीरों ने शासन-प्रशासन से निवेदन किया है कि इस मार्ग पर कोयला परिवहन के समय का निर्धारण किया जाए, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर स्थायी रोक लगे और सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम जनता को जाम के झाम और दुर्घटनाओं के भय से मुक्ति मिल सके

error: Content is protected !!