Acn18. Com.कलयुग में जहां लोग दूसरों का सामान हड़पने का मौका तलाशते हैं, वहीं कोरबा के एक व्यापारी ने अपनी ईमानदारी की मिसाल पेश की है। तुलसी नगर निवासी एक व्यापारी को सड़क पर गिरा हुआ एक कार्टून मिला, जिसे उन्होंने खुद थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया ताकि वह सही मालिक तक पहुंच सके।
बालाजी नमकीन भंडार, तुलसी नगर के संचालक सत्यनारायण अग्रवाल ने थाना प्रभारी कोरबाके नाम आवेदन सौंपकर इस बात की जानकारी दी है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि कल दोपहर करीब 2 बजे उनके घर के सामने कार्टून गिरा हुआ मिला था। व्यापारी ने इंसानियत और ईमानदारी दिखाते हुए उस कार्टून को उठाया और अपने बाहर के बरामदे में शाम 5 बजे तक इस उम्मीद में रखा कि कोई इसे अपना बताकर ले जाएगा।
शाम तक जब सामान लेने के लिए कोई भी व्यक्ति नहीं आया, तो व्यापारी ने इसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस थाने में जमा कराने का फैसला किया। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में स्पष्ट किया है कि जिसका भी यह सामान हो, वह थाने आकर अपनी पहचान बताकर इसे ले जा सकता है।
व्यापारी ने यह भी बताया कि इस पूरी घटना और सामान मिलने से जुड़ा फुटेज उनके सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। व्यापारी सत्यनारायण अग्रवाल के इस ईमानदार और सराहनीय कदम की इलाके में काफी चर्चा हो रही है और लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।





