Acn18.com कोरबा. जिले में पत्रकारिता की आड़ में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग करने वाले तत्वों पर पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कोरबा प्रेस क्लब की पहल और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की सख्त व संवेदनशील कार्यशैली के परिणामस्वरूप कथित पत्रकार विक्की वैष्णव और उसके सहयोगी गजानंद राठौर के खिलाफ कोतवाली थाने में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से आम नागरिकों और पीड़ित वर्ग ने राहत की सांस ली है, वहीं फर्जी पत्रकारों में हड़कंप मच गया है।
*फर्जी पत्रकार कर रहे पत्रकारिता के पेशे को बदनाम*
जिले में फर्जी पत्रकार बनकर समाचार या सोशल मीडिया पर एआई से बने इमेज डालकर दुष्प्रचार करने का भय दिखाकर ब्लैकमेलिंग करते हुए अवैध पैसा वसूल करने वालों की बाढ़ आ गयी है। ऐसे फर्जी पत्रकार पत्रकारिता के पेशे को बदनाम कर रहे हैं। उक्त संबंध में कोरबा प्रेस क्लब ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा था। इसमें मांग की गई थी कि जो लोग खुद को पत्रकार बताकर आम नागरिकों को प्रताड़ित कर रहे हैं, झूठी खबरों का भय दिखाकर भयादोहन (ब्लैकमेलिंग) कर रहे हैं और अवैध रकम वसूल रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट आश्वासन दिया था कि शिकायत मिलने पर ऐसे लोगों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा और तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक के इस आश्वासन के बाद कोरबा प्रेस क्लब ने आगे आकर ऐसे फर्जी पत्रकारों और वसूलीबाजों से पीड़ित लोगों से खुलकर सामने आने और शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
*पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की तत्परता, FIR दर्ज*
प्राथी (पीड़ित) मोहम्मद इकबाल कुरैशी शहर के चिमनी भट्ठा, मानिकपुर, निवासी है। पीड़ित ने आगे आकर कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्काल कोरबा कोतवाली पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (B.N.S.) 2023 की धारा 308(2) के तहत आरोपी गजानंद राठौर और कथित पत्रकार विक्की वैष्णव के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
*फर्जी मामलों में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर पैसे की मांग*
सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक प्राथी (पीड़ित) मोहम्मद इकबाल कुरैशी ने शिकायत कर बताया कि आरोपी विक्की वैष्णव और गजानंद राठौर द्वारा पीड़ित के भाई को फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देकर और जेल भेजने का डर दिखाकर लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली, जहां पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में त्वरित न्याय की दिशा में कदम उठाया गया।
*अवैध वसूली पर पहली कार्यवाही, अभी फेहरिस्त लंबी*
कोरबा प्रेस क्लब की पहल के बाद कलम और पत्रकारिता की आड़ में आम जनता, व्यापारियों और अन्य लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाले तथाकथित पत्रकारों के खिलाफ लगातार कई शिकायतें पहुंच रही हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार इन सभी मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और संलिप्त आरोपियों पर जल्द ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*कोरबा प्रेस क्लब और पुलिस प्रशासन की संयुक्त अपील*
यदि किसी तथाकथित पत्रकार या असामाजिक तत्व द्वारा खबर या इमेज वायरल करने की धमकी देकर, ब्लैकमेल कर या झूठे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर वसूली की गई है, तो डरे बिना आगे आएं। अपनी शिकायत सीधे कोरबा पुलिस या कोरबा प्रेस क्लब के समक्ष दर्ज कराएं। ऐसे फर्जी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही में पुलिस का सहयोग करें।





