Acn18.com/बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में दबंगई और मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने और पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवकों के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर में घुसकर डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक से आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की थी। जब युवक ने पैसे देने से इनकार किया, तो रंजिश रखते हुए आरोपियों ने उसे गाली-गलौज दी और जान से मारने की धमकी दी। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने डंडे से हमला कर दिया।
दूसरे मामले में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़ितों के साथ मारपीट की और आतंक फैलाया। पीड़ितों की शिकायत पर सीपत पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया।
दोनों ही मामलों में गंभीरता दिखाते हुए सीपत पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों और इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





