Home छत्तीसगढ़ बस्तर की 340 दुर्लभ जड़ी-बूटियों को प्राकृतिक आवास में सहेज रहा मां...

बस्तर की 340 दुर्लभ जड़ी-बूटियों को प्राकृतिक आवास में सहेज रहा मां दंतेश्वरी एथनिक हर्बल गार्डन: धन्वंतरि जयंती पर वनौषधियों के संरक्षण की शपथ,धनतेरस पर ‘आयुर्वेद विश्व परिषद’ का विशेष आयोजन”

0
6

Acn18. comकोंडागांव/बस्तर। आयुर्वेद के प्रणेता भगवान धन्वंतरि के प्रकट दिवस एवं धनतेरस के पावन अवसर पर आयुर्वेद विश्व परिषद (World Academy of Ayurveda Regd.) द्वारा भगवान धन्वंतरि अवतरण दिवस समारोह धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। यह आयोजन मां दंतेश्वरी हर्बल परिसर स्थित बइठका हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन आयुर्वेद विश्व परिषद, एमडी बोटैनिकल्स, जनजातीय शोध एवं कल्याण संस्थान, संपदा तथा मां दंतेश्वरी हर्बल समूह के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

IMG 20261109 WA0076

कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद विश्व परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजाराम त्रिपाठी द्वारा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष संस्कृत मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने भगवान धन्वंतरि की पूजा की और मानव कल्याण के लिए आयुर्वेद के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बस्तर की आदिवासी महिलाओं के साथ मिलकर उनकी उगाई हुई जैविक जड़ी-बूटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एमडी बोटैनिकल्स (MD Botanicals) ब्रांड के रूप में स्थापित करने के अभियान में जुटी अपूर्वा त्रिपाठी ने कहा कि आज बाजार और सोशल मीडिया में हर्बल उत्पादों की भरमार दिखाई देती है, लेकिन वास्तविक गुणवत्ता और शुद्धता वाले हर्बल उत्पाद तलाशने पर भी आसानी से नहीं मिलते। बाजार में उत्पादों की बढ़ती संख्या के बावजूद उनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि मां दंतेश्वरी हर्बल समूह द्वारा स्वयं उगाई और तैयार की जा रही जड़ी-बूटियों की विश्वसनीयता निरंतर बढ़ रही है। हमारा प्रयास है कि बस्तर की आदिवासी महिलाओं के पारंपरिक ज्ञान, जैविक खेती और वनौषधियों को उचित पहचान मिले तथा उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सम्मानजनक स्थान प्राप्त हो। इससे आदिवासी महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और उनके पारंपरिक ज्ञान, दोनों को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुर्वेद विश्व परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने कहा कि यह हमारे समय की एक बड़ी विडंबना है कि एक ओर देश और विदेश में जड़ी-बूटियों तथा हर्बल उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर इन औषधीय वनस्पतियों के परंपरागत प्राकृतिक स्रोत तेजी से समाप्त होते जा रहे हैं। जंगलों में जड़ी-बूटियों की उपलब्धता घटने और उनकी मांग बढ़ने के कारण बाजार में मिलावटी जड़ी-बूटियों तथा नकली हर्बल उत्पादों का कारोबार भी बढ़ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि बस्तर सहित देश के अनेक वन क्षेत्रों में ऐसी दुर्लभ औषधीय वनस्पतियां हैं, जो अनियंत्रित दोहन और प्राकृतिक आवास के विनाश के कारण विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुकी हैं। इनमें से कई प्रजातियां तो अपने प्राकृतिक आवास से लगभग समाप्त हो गई हैं। यदि समय रहते इनका संरक्षण नहीं किया गया, तो संभव है कि इनमें से कुछ वनस्पतियां दोबारा इस धरती पर कभी दिखाई ही न दें। यह केवल वनस्पतियों का नुकसान नहीं होगा, बल्कि हमारी हजारों वर्षों की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और वनवासी समुदायों के संचित ज्ञान की भी अपूरणीय क्षति होगी।

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि हमें यह बताते हुए विशेष प्रसन्नता है कि मां दंतेश्वरी हर्बल प्रोडक्ट्स तथा संपदा समाजसेवी संस्थान के सहयोग से लगभग पांच एकड़ भूमि पर ‘मां दंतेश्वरी एथनिक हर्बल गार्डन’ विकसित किया गया है। पिछले लगभग 25 वर्षों की सतत मेहनत और शोध के परिणामस्वरूप वर्तमान में यहां 340 प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियों का उनके प्राकृतिक आवास और अनुकूल पर्यावरण में संरक्षण, संवर्धन एवं प्रवर्धन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस हर्बल गार्डन का उद्देश्य केवल औषधीय पौधों को संग्रहित करना नहीं, बल्कि उन्हें उनके प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के अनुरूप संरक्षित करना, उनकी संख्या बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस अमूल्य वनौषधीय विरासत को सुरक्षित रखना है।

*आयुर्वेद विश्व परिषद का ऐतिहासिक महत्व :*

आयुर्वेद के विकास और उसके माध्यम से जनकल्याण के व्यापक उद्देश्य से स्थापित आयुर्वेद विश्व परिषद के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि इस संस्था की स्थापना 12 जनवरी 1952 को आचार्य डॉ. प्रभाकर मिश्र (1008 शंकराचार्य प्रभानंद सरस्वती), तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री श्री के.एम. मुंशी तथा भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के सहयोग और मार्गदर्शन में की गई थी।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा पद्धति के विस्तार तथा एलोपैथिक चिकित्सा प्रणाली को मिले व्यापक संस्थागत प्रोत्साहन के कारण आयुर्वेद को लंबे समय तक अपेक्षित संरक्षण, संवर्धन और विकास के अवसर नहीं मिल सके। इसके बावजूद आयुर्वेद की वैज्ञानिक एवं पारंपरिक विरासत आज भी प्रासंगिक है।

आज दुनिया आयुर्वेद को केवल एक पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के रूप में नहीं, बल्कि जीवन को समग्रता से समझने वाली जीवन विद्या (Life Science) के रूप में देखने लगी है। अमेरिका सहित अनेक विकसित देशों में भी चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आयुर्वेद तथा पारंपरिक भारतीय चिकित्सा ज्ञान के प्रति रुचि और स्वीकार्यता बढ़ रही है। यह भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा के लिए गौरव का विषय है।

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि आयुर्वेद विश्व परिषद के परमाध्यक्ष एवं मार्गदर्शक धन्वंतरि अखाड़े के प्रमुख आचार्य उदय मिश्र जी हैं, जिनके मार्गदर्शन में संस्था आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार, संरक्षण और जनकल्याण के उद्देश्यों को आगे बढ़ा रही है।

*विलुप्त होती वनौषधियों को बचाने का संकल्प :*

समारोह के दौरान बस्तर की अनेक दुर्लभ और विलुप्तप्राय जड़ी-बूटियों के संरक्षण पर विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि बस्तर के जंगलों में पाई जाने वाली तेलिया कंद, हिरनतूतिया, मंजूर गोड़ी, रसना जड़ी और कुरवां जड़ी जैसी महत्वपूर्ण औषधीय वनस्पतियां अनियंत्रित एवं अंधाधुंध दोहन के कारण आज विलुप्तप्राय स्थिति में पहुंच गई हैं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों को इन दुर्लभ वनौषधियों की रक्षा, उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण तथा उनके संवर्धन की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि आयुर्वेद की इस प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे तथा स्थानीय समुदायों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में मां दंतेश्वरी हर्बल समूह की अध्यक्ष जसमती नेताम, संपदा समाजसेवी संस्थान की महासचिव शिप्रा त्रिपाठी, मां दंतेश्वरी हर्बल प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर अनुराग कुमार, एमडी बोटैनिकल्स के सीईओ केविन कुमार तथा मिशन लीडर कृष्णा नेताम सहित बलई चक्रवर्ती, शंकर नाग, लालाराम नेताम और गोलू बघेल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मूल संदेश यही रहा कि आयुर्वेद की रक्षा केवल ग्रंथों, औषधियों और चिकित्सा संस्थानों तक सीमित नहीं है। इसके लिए उन जंगलों, जैव विविधता और आदिवासी समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को बचाना भी उतना ही आवश्यक है, जिनकी गोद में हजारों वर्षों से भारत की वनौषधीय चिकित्सा परंपरा सुरक्षित रही है।

‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ अर्थात सभी सुखी हों, सभी निरोग हों, भगवान धन्वंतरि के इस आदर्श को साकार करने के लिए प्रकृति और उसकी औषधीय संपदा की रक्षा ही सच्ची आराधना है।

 

प्रेस कार्यालय: मां दंतेश्वरी हर्बल समूह, कोंडागांव छग।

error: Content is protected !!