Acn18.comकोरबा/दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने बांकी मोंगरा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित अपराध पर नजर रखने थाना प्रभारी राम कुमार साव के नेतृत्व में पुलिस ने नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में पैदल मार्च निकाला।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम ने ज्वेलरी शॉप संचालकों सहित बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों के दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें सतर्क रहने का संदेश दिया। दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
थाना प्रभारी राम कुमार साव ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। त्योहार के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम विशेष रूप से सक्रिय रहेगी और हथियारों से लैस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
दीपावली के मद्देनजर सर्राफा बाजार में विशेष चौकसी बरती जा रही है। पुलिस ने व्यापारियों को नकदी लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने और अनजान लोगों पर भरोसा न करने की हिदायत दी है।

पुलिस का यह पैदल मार्च आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के साथ असामाजिक तत्वों के लिए स्पष्ट चेतावनी भी है कि त्योहार की खुशियों में खलल डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बांकी मोंगरा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल थाने को दें, ताकि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।
वहीं शहर में कोतवाली थाना पुलिस, सीएसईबी चौकी पुलिस, मानिकपुर चौकी पुलिस, सिविल लाइन थाना पुलिस, ने अपने-अपने क्षेत्र में गश्त किया। चौक चौराहा पर भी जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने अपील की है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या किसी तरह की कोई घटना सामने आती है तो संबंधित थाना चौकी पुलिस या फिर कंट्रोल रूम को सूचना दें।





