Acn18. Com.कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर में तेज रफ्तार बुलेट ने ऐसा कहर बरपाया कि खुशियों और भक्ति का माहौल मातम में बदल गया। जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं।
घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, 7 से 9 महिलाएं मादर और ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत की मौत हो गई। दोनों गोपालपुर की रहने वाली और आपस में रिश्तेदार थीं। वहीं, बुलेट चला रहे राहुल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद गांव में चल रहा डांडिया और जसगीत का कार्यक्रम बंद कर दिया गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने दो महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। मेडिकल कॉलेज से मेमो मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





