
शहर के सोनालिया फाटक के पास रेलवे अंडरब्रिज (ROB) निर्माण कार्य शुरू होते ही बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते वक्त नगर निगम की मुख्य पेयजल पाइपलाइन (Main Water Supply Pipeline) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया और उसमें पानी भर गया। इस घटना के बाद शहर के कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है।
त्योहार के दिनों में बूंद-बूंद पानी के लिए तरसे लोग
पाइपलाइन टूटने से संजय नगर, मोती सागर पारा समेत 3 से 4 वार्डों में पिछले कई दिनों से जल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। त्योहारी सीजन के बीच जलापूर्ति बाधित होने से स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हो गए हैं और मजबूरन बोरवेल, हैंडपंप तथा पुराने कुओं के सहारे अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
पूर्व पार्षद ने जताई नाराजगी, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
वार्ड क्रमांक 08 के पूर्व पार्षद सुफल दास महंत ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण कर रही कार्यदायी एजेंसी की घोर लापरवाही के कारण मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। स्थानीय नागरिकों का भी आरोप है कि यदि सुरक्षा और समन्वय के साथ काम किया जाता, तो यह हादसा टल सकता था।
अत्यंत आवश्यक है कि नगर निगम प्रशासन और संबंधित ठेकेदार इस मामले में तत्काल संज्ञान लें और युद्ध स्तर पर पाइपलाइन की मरम्मत कराकर जलापूर्ति बहाल करें, ताकि त्योहारी दिनों में जनता को राहत मिल सके।





