रतनपुर में मां महामाया के दरबार में सप्तमी की रात श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने वाला है। पदयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा की कमान ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह को सौंपी गई है। जमीन से लेकर आसमान तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर मां महामाया के दर्शन के लिए रतनपुर पहुंचेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने, पदयात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मां महामाया के जयकारों के बीच पुलिस का सुरक्षा पहरा मजबूत है। प्रशासन का लक्ष्य है कि नवरात्र मेले में श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में माता के दर्शन कर सकें।





