Acn18. Com.कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 2 अक्टूबर को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
दीपका बाजार के मुख्य मार्ग पर 2 अक्टूबर को किन्नर समुदाय के सदस्य आशीर्वाद देने के लिए घूम रहे थे। इसी दौरान थर्ड जेंडर समुदाय के सदस्यों और दीपका निवासी पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और सड़क पर सरेआम चाकूबाजी की घटना भी सामने आई।
घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हुए। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। दोनों पक्षों ने दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई। किन्नर समुदाय की ओर से पिता-पुत्र पर अपशब्द कहने और टच करने का आरोप लगाया गया, जबकि पिता-पुत्र ने बेवजह मारपीट किए जाने की बात कही।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी पंकज सिंह की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के बाद पुलिस ने पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





